NEET UG 2026 Result: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने गुरुवार देर शाम NEET UG 2026 का रिजल्ट घोषित कर दिया है। समय पर परिणाम जारी होने से मेडिकल कॉलेजों में दाखिले और काउंसलिंग की प्रक्रिया तय शेड्यूल के अनुसार शुरू हो सकेगी। उम्मीदवार अपना स्कोरकार्ड आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं।
इस साल NEET UG परीक्षा पेपर लीक विवाद के चलते दोबारा आयोजित कराई गई थी। री-नीट परीक्षा में देश और विदेश के करीब 20 लाख अभ्यर्थियों ने भाग लिया। यह परीक्षा भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में स्थित कुल 5,440 केंद्रों पर आयोजित की गई थी। इनमें से 11.21 लाख उम्मीदवार MBBS, BDS, AYUSH और अन्य मेडिकल कोर्स में दाखिले के लिए क्वालिफाई हुए हैं।
छात्राओं का प्रदर्शन बेहतर
NTA के आंकड़ों के अनुसार, इस बार लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से बेहतर रहा। कुल सफल उम्मीदवारों में 58 प्रतिशत से अधिक छात्राएं हैं। जहां 56.8% छात्राएं सफल रहीं, वहीं छात्रों की सफलता दर 55.1% दर्ज की गई।
टॉपर्स की सूची में पंजाब और हरियाणा का दबदबा
इस वर्ष 138 उम्मीदवारों ने 720 में से 690 से अधिक अंक हासिल किए हैं। इनमें से 93% से अधिक पहली बार परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी हैं। वहीं, 99% टॉपर्स की उम्र 17 से 19 वर्ष के बीच है।
ऑल इंडिया टॉप में पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने संयुक्त रूप से 715 अंक हासिल किए हैं। इसके अलावा, 19 उम्मीदवारों ने 700 से अधिक अंक प्राप्त किए हैं।
स्कोर के आधार पर आंकड़े
- 650+ अंक: 1,492 उम्मीदवार
- 600+ अंक: 10,160 उम्मीदवार
- 500+ अंक: 90,780 उम्मीदवार
सभी राज्यों से अभ्यर्थी सफल
NTA के अनुसार, देश के सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से उम्मीदवारों ने परीक्षा पास की है। उत्तर प्रदेश से सबसे ज्यादा 1.7 लाख से अधिक उम्मीदवार सफल हुए हैं, जबकि लक्षद्वीप से 43 अभ्यर्थी पास हुए।
राज्यवार टॉपर्स में लद्दाख की जिग्मेट यांगचेन लामो (530 अंक), अंडमान-निकोबार के ध्रुव त्रिपाठी (606 अंक) और लक्षद्वीप की फहमीदा अनीस (573 अंक) शामिल हैं। 17 राज्यों के टॉपर्स ने 700+ अंक और 26 राज्यों के टॉपर्स ने 690+ अंक हासिल किए हैं।
श्रेणीवार सफल उम्मीदवार
- सामान्य वर्ग: 2.91 लाख
- OBC-NCL: 5.12 लाख
- SC: 1.59 लाख
- ST: 63,716
- EWS: 95,026
- PwBD: 3,666
- PwD: 303
13 भाषाओं में हुई परीक्षा
NEET UG 2026 परीक्षा 13 भाषाओं- हिंदी, अंग्रेजी, असमिया, बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, ओड़िया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु और उर्दू में आयोजित की गई थी।
NTA ने स्पष्ट किया है कि उसकी भूमिका केवल परीक्षा आयोजित करने, परिणाम घोषित करने और ऑल इंडिया रैंक जारी करने तक सीमित है। MBBS और BDS के लिए ऑल इंडिया कोटा काउंसलिंग मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) द्वारा कराई जाएगी, जबकि राज्य कोटे की काउंसलिंग संबंधित राज्य सरकारें आयोजित करेंगी।
फर्जी कॉल और धोखाधड़ी से रहें सावधान
NTA ने उम्मीदवारों को चेतावनी दी है कि वे फर्जी कॉल, मैसेज या सीट दिलाने के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी से सावधान रहें। एजेंसी किसी भी प्रकार की फीस या व्यक्तिगत जानकारी फोन या मैसेज के माध्यम से नहीं मांगती।




