Jharkhand News: झारखंड में फिल्म और टेलीविजन शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (JFDC) और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI) के बीच समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए गए। यह कार्यक्रम रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन के सभागार में आयोजित हुआ।
इस समझौते के तहत झारखंड में फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ झारखंड की स्थापना की जाएगी। इसका उद्देश्य राज्य के युवाओं और स्थानीय कलाकारों को अभिनय, निर्देशन, सिनेमैटोग्राफी, एडिटिंग और अन्य तकनीकी क्षेत्रों में विश्वस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।
झारखंड के युवाओं को मिलेगा विश्वस्तरीय प्रशिक्षण
सरकार का कहना है कि इस संस्थान के शुरू होने से राज्य के युवाओं को फिल्म निर्माण की पढ़ाई के लिए दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। SRFTI संस्थान के लिए पाठ्यक्रम तैयार करने, विशेषज्ञ फैकल्टी उपलब्ध कराने और तकनीकी सहयोग देने में मदद करेगा।
Jharkhand News: CM हेमंत सोरेन ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इसे झारखंड के लिए एक ऐतिहासिक पहल बताया। उन्होंने कहा कि SRFTI के सहयोग से रांची में आधुनिक सुविधाओं और अत्याधुनिक तकनीक से लैस स्थायी फिल्म संस्थान विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे राज्य की प्रतिभाओं का पलायन रुकेगा, युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और झारखंड की समृद्ध संस्कृति, लोककला और लोक कलाकारों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।
Jharkhand News: स्थानीय कलाकारों ने किया स्वागत
स्थानीय फिल्म निर्देशक बीजू टोप्पो ने राज्य सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह कदम झारखंड के कलाकारों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उनके अनुसार, फिल्म संस्थान बनने से स्थानीय कलाकारों और फिल्म निर्माताओं को सीखने और आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे।



