Kulgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार को आतंकियों ने एक बार फिर गैर-स्थानीय मजदूरों को निशाना बनाया। केल्लम इलाके में स्थित एक ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों पर अज्ञात आतंकियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में दीपक नामक मजदूर की मौके पर मौत हो गई, जबकि भूपिंदर कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल मजदूर का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी सर्जरी की जा रही है।
TRF ने ली हमले की जिम्मेदारी
हमले की जिम्मेदारी प्रतिबंधित आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली है, जिसे लश्कर-ए-तैयबा का प्रॉक्सी संगठन माना जाता है। वारदात के बाद आतंकी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।
Kulgam Terror Attack: LG मनोज सिन्हा ने दिए सख्त निर्देश
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने पुलिस महानिदेशक और वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों से बातचीत कर आतंकियों के खिलाफ अभियान तेज करने तथा दोषियों को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए हैं।
लगातार निशाने पर गैर-स्थानीय मजदूर
Kulgam Terror Attack: पिछले कुछ वर्षों में जम्मू-कश्मीर में गैर-स्थानीय मजदूरों, श्रद्धालुओं और आम नागरिकों पर आतंकी हमलों की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। फरवरी 2024 में श्रीनगर में पंजाब के दो मजदूरों की हत्या, जून 2024 में रियासी में श्रद्धालुओं की बस पर हमला, अक्टूबर 2024 में गांदरबल के गगनगीर में छह मजदूरों और एक डॉक्टर की हत्या तथा 2025 के पहलगाम हमले जैसी घटनाएं सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई हैं।
कुलगाम का ताजा हमला एक बार फिर इस बात का संकेत है कि आतंकी संगठन घाटी में दहशत फैलाने के लिए आम नागरिकों और गैर-स्थानीय मजदूरों को निशाना बना रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं।



