Sawan First Somwari: सावन की पहली सोमवारी पर राजधानी रांची पूरी तरह शिवमय हो गई। तड़के सुबह से ही शहर के प्रमुख शिवालयों में भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सबसे अधिक भीड़ रांची के प्रसिद्ध पहाड़ी मंदिर में उमड़ी, जहां श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए मंदिर के कपाट सुबह 4 बजे खोल दिए गए और जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो गया।
पहाड़ी मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
सावन की पहली सोमवारी पर हजारों श्रद्धालु पहाड़ी मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की मंगलकामना की। सुबह से ही मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजता रहा।
125 पुलिस जवान तैनात, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। मंदिर परिसर में 125 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, जबकि जलाभिषेक के लिए विशेष अरघा व्यवस्था की गई ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
Sawan First Somwari: कई मार्गों पर यातायात रहा प्रभावित
श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने पहाड़ी मंदिर जाने वाले कई मार्गों पर अस्थायी रूप से यातायात प्रतिबंधित किया। इनमें शनि मंदिर, दुर्गा मंदिर, मीनाक्षी गली, गौशाला कटिंग और बालाजी मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग शामिल रहे। प्रशासन ने आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त यातायात व्यवस्था लागू करने की भी बात कही।
स्वर्णरेखा नदी से जल लेकर पहुंचे कांवरिये
रविवार देर रात से ही बड़ी संख्या में कांवरिये चुटिया स्थित स्वर्णरेखा नदी से पवित्र जल लेकर पहाड़ी मंदिर की ओर रवाना हुए। सोमवार सुबह भी लगातार कांवरियों का जत्था मंदिर पहुंचता रहा। प्रशासन ने उनकी सुरक्षा और सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए।
Sawan First Somwari: अन्य शिवालयों में भी रही भारी भीड़
पहाड़ी मंदिर के अलावा सुरेश्वर महादेव मंदिर (चुटिया), कोकर शिव मंदिर, सिद्ध मनोकामना मंदिर, संकट मोचन मंदिर, शिव शक्ति धाम समेत शहर के अन्य प्रमुख शिवालयों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना की।
सावन की पहली सोमवारी पर रांची में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से व्यवस्था बनाए रखने और निर्धारित मार्गों का पालन करने की अपील की है।



