Ranchi News: झारखंड के कुख्यात Gangster Sujit Sinha का प्रस्तावित अंतिम संस्कार फिलहाल टाल दिया गया है। परिवार ने जानकारी दी है कि आज पलामू जिले के पैतृक गांव मरहा पथरा में अंतिम संस्कार नहीं किया गया। अब दाह संस्कार बुधवार देर शाम या गुरुवार को होने की संभावना है।
परिजनों के अनुसार, सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा और पुत्र अक्षत कुमार के पहुंचने के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा। रिया सिन्हा फिलहाल जेल में बंद हैं और अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उनकी ओर से पैरोल की मांग की गई है।
चेहल्लुम के कारण नहीं हो सकी सुनवाई
बताया गया कि मंगलवार को चेहल्लुम के चलते न्यायालय बंद था, जिसके कारण रिया सिन्हा की पैरोल याचिका पर सुनवाई नहीं हो सकी। इसी वजह से अंतिम संस्कार की प्रक्रिया भी स्थगित कर दी गई। इस बीच Gangster Sujit Sinha का शव उसके छोटे भाई अरुण के साथ पैतृक गांव पहुंच चुका है, जहां अंतिम दर्शन के लिए उसे सुरक्षित रखा गया है।
गांव में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
संभावित अंतिम संस्कार को देखते हुए पलामू पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मरहा पथरा गांव और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
गौरतलब है कि हाल ही में जामताड़ा जिले में पुलिस मुठभेड़ के दौरान Gangster Sujit Sinha की मौत हुई थी। इसके बाद से उसके अंतिम संस्कार को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही हैं। अब परिवार की नजरें अदालत के पैरोल संबंधी फैसले पर टिकी हैं, जिसके बाद ही अंतिम संस्कार की नई तिथि तय की जाएगी।



