Ranchi Breaking News: झारखंड में जेपीएससी, जेएसएससी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के बीच बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने बुधवार को जल ग्रहण कर अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी। जल ग्रहण करने से पहले उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से वीडियो कॉल पर बातचीत की।
देवेंद्र नाथ महतो ने बताया कि वे 25 जुलाई से सत्याग्रह कर रहे थे और 2 अगस्त से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे थे। उन्होंने कहा कि लगातार उपवास के कारण उनकी तबीयत काफी बिगड़ गई थी। डॉक्टरों ने भी चेतावनी दी थी कि यदि उन्होंने पानी नहीं पिया तो उन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ सकता है।
देवेंद्र नाथ महतो ने आरोप लगाया कि राज्य में लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियां और पेपर लीक की घटनाएं सामने आती रही हैं। उन्होंने कहा कि उनका आंदोलन छात्रों को न्याय दिलाने और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर जारी रहेगा।
सोनम वांगचुक ने की स्वास्थ्य का ध्यान रखने की अपील
वीडियो कॉल के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने देवेंद्र नाथ महतो से स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक पानी नहीं पीना आत्मघाती कदम हो सकता है। वांगचुक ने भरोसा जताया कि सरकार छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी और उचित निर्णय लेने का प्रयास करेगी।
हालांकि देवेंद्र नाथ महतो ने जल ग्रहण कर भूख हड़ताल समाप्त कर दी है, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और छात्रों की मांगों को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।



