Jharkhand Monsoon Session: झारखंड विधानसभा के षष्ठम (मॉनसून) सत्र की शुरुआत 6 अगस्त 2026 से होने जा रही है। सत्र के सफल, सुचारू और गरिमापूर्ण संचालन को लेकर बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो की अध्यक्षता में विधानसभा परिसर स्थित स्पीकर कक्ष में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी शामिल हुए। इस दौरान सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मॉनसून सत्र की कार्यवाही को लोकतांत्रिक परंपराओं और संसदीय मर्यादाओं के अनुरूप संचालित करने पर विस्तृत चर्चा हुई। विधानसभा अध्यक्ष ने सभी दलों से सदन की कार्यवाही को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से चलाने में सकारात्मक सहयोग देने की अपील की।
Jharkhand Monsoon Session: जनहित के मुद्दों पर रचनात्मक चर्चा पर जोर
बैठक में संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक प्रदीप यादव, सुरेश पासवान, अरूप चटर्जी, जयराम कुमार महतो और निर्मल महतो समेत विभिन्न दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Jharkhand Monsoon Session: बैठक में सभी नेताओं ने विधानसभा की गरिमा बनाए रखने और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सार्थक एवं रचनात्मक चर्चा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही सरकार और विपक्ष के बीच बेहतर समन्वय के साथ मॉनसून सत्र के सफल संचालन की उम्मीद जताई गई।


