Jharkhand News: रांची में भारतीय मजदूर संघ (BMS) के पदाधिकारियों ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर बताया कि भारतीय मजदूर संघ की अखिल भारतीय कार्यसमिति की बैठक 26 से 28 जुलाई 2026 तक नामकुम स्थित सरला बिरला विश्वविद्यालय में आयोजित की जाएगी। इस तीन दिवसीय बैठक में देशभर से संगठन के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि बैठक के दौरान संगठित और असंगठित क्षेत्र के मजदूरों की समस्याओं, श्रमिक कल्याण, श्रम कानूनों और वर्तमान श्रम व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किए जाने की संभावना है।
भारतीय मजदूर संघ के क्षेत्रीय संगठन मंत्री धर्मदास शुक्ल ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए चार लेबर कोड में से मजदूरी संहिता 2019 (Code on Wages, 2019) और सामाजिक सुरक्षा संहिता 2020 (Code on Social Security, 2020) को मजदूरों के हित में बताया गया। वहीं संगठन ने औद्योगिक संबंध संहिता 2020 (Industrial Relations Code, 2020) और व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य परिस्थितियां संहिता 2020 (Occupational Safety, Health and Working Conditions Code, 2020) के कुछ प्रावधानों पर अपनी असहमति भी जताई।
प्रदेश महामंत्री राजीव रंजन सिंह ने कहा कि तीन दिवसीय बैठक में मजदूरों से जुड़े समसामयिक मुद्दों पर गहन चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ मजदूरों को केवल उत्पादन का साधन नहीं, बल्कि मानव पूंजी मानता है और संवाद के माध्यम से उनकी समस्याओं का समाधान करने में विश्वास रखता है।
बैठक की तैयारियों की जानकारी देते हुए तैयारी समिति के प्रमुख चंदन कुमार प्रसाद ने बताया कि आयोजन की अधिकांश तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि कार्यसमिति बैठक को सफल बनाने के लिए संगठन के कार्यकर्ता लगातार जुटे हुए हैं। साथ ही बैठक के दौरान होने वाली प्रमुख गतिविधियों की जानकारी समय-समय पर साझा की जाएगी।



