Ranchi News: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और आरपीएफ फ्लाइंग टीम ने मंगलवार को ऑपरेशन “नारकोस” के तहत रांची रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान एक युवक के पास से 12 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह अभियान आरपीएफ पोस्ट रांची के निरीक्षक शिशुपाल कुमार के नेतृत्व में चलाया गया। जांच के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-1 के वीआईपी गेट के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में बैग लेकर बैठा मिला। जांच टीम को देखकर वह घबरा गया, जिसके बाद उसे रोककर पूछताछ की गई।
पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान बृजराज यादव (19 वर्ष) के रूप में बताई। वह उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले का रहने वाला है। जब उसके बैग की तलाशी ली गई तो उसमें से चार पैकेट गांजा बरामद हुए। कुल मिलाकर 12 किलो गांजा जब्त किया गया।
आरपीएफ ने बताया कि पूरी कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के नियमों के तहत स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में की गई। बरामद गांजा को जब्त कर सील कर दिया गया।
Ranchi News: पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे मेहंदी अंसारी नामक व्यक्ति ने ओडिशा के संताला से गोरखपुर तक गांजा पहुंचाने का काम दिया था। इसके बदले उसे प्रति किलोग्राम 1,000 रुपये देने का वादा किया गया था।
Ranchi News: आरोपी के मुताबिक, रांची रेलवे स्टेशन पर जांच शुरू होते ही मेहंदी अंसारी मौके से फरार हो गया।
फिलहाल गिरफ्तार युवक और बरामद गांजा को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।



