Ranchi News: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम को लेकर बुधवार को राजधानी रांची में राजनीतिक माहौल गरमा गया। भारतीय जनता पार्टी (BJP) युवा मोर्चा के हजारों कार्यकर्ताओं ने पहले JPSC कार्यालय का घेराव किया और इसके बाद विरोध मार्च निकालते हुए कांग्रेस कार्यालय पहुंच गए।
JPSC कार्यालय के बाहर हुआ हंगामा
प्रदर्शन को देखते हुए JPSC कार्यालय और आसपास के इलाके में पुलिस ने पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। इसके बावजूद कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पार कर मुख्य गेट तक पहुंच गए और अंदर जाने की कोशिश की। इस दौरान कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई, हालांकि पुलिस ने हालात पर जल्द ही काबू पा लिया।
Ranchi News: JPSC परीक्षा की जांच की मांग
प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि JPSC प्रारंभिक परीक्षा में अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने परीक्षा परिणाम रद्द करने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल, रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई थी। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में रखा गया और स्थिति पर लगातार नजर रखी गई।
कांग्रेस कार्यालय के बाहर आमने-सामने आए कार्यकर्ता
Ranchi News: JPSC कार्यालय से प्रदर्शन करने के बाद भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। वहां पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी की गई।
भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा को पहले NEET पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर जवाब देना चाहिए। फिलहाल मौके पर पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।



