Ranchi Breaking News: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित गड़बड़ियों की जांच के बीच मंगलवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। सीआईडी (CID) और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने जेपीएससी कार्यालय और परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी के ठिकानों पर छापेमारी की। इसी बीच जेपीएससी के अध्यक्ष एल खियांग्ते ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
हालांकि, एल खियांग्ते के इस्तीफे की वजह को लेकर सरकार या जेपीएससी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। बता दें कि एल खियांग्ते 27 फरवरी 2025 को जेपीएससी के अध्यक्ष बनाए गए थे। इससे पहले वह झारखंड के मुख्य सचिव भी रह चुके हैं।
JPSC कार्यालय और परीक्षा एजेंसी पर CID की कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम सीआईडी और रांची पुलिस की टीम ने जेपीएससी कार्यालय में कई घंटों तक जांच की। इस दौरान अधिकारियों ने दस्तावेज, कंप्यूटर रिकॉर्ड, ओएमआर शीट से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल डेटा की जांच की। कार्रवाई के दौरान कार्यालय में आवाजाही भी सीमित कर दी गई।
इसके अलावा परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी टीडीपीएल (TDPL) के कार्यालय पर भी छापेमारी की गई। यहां से हार्ड डिस्क, पेन ड्राइव, डायरी और कई अहम दस्तावेज जब्त किए गए। जांच के बाद एजेंसी के कार्यालय को सील कर दिया गया।
Ranchi Breaking News: तीन लोग हिरासत में, कई अधिकारियों से पूछताछ
पुलिस ने परीक्षा एजेंसी से जुड़े तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। वहीं, सीआईडी ने जेपीएससी की सहायक परीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता समेत कुछ अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों से भी पूछताछ की।
हालांकि, जांच एजेंसी ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि किन लोगों को किस आधार पर हिरासत में लिया गया है और उनसे किन मामलों में पूछताछ की जा रही है।
परीक्षा परिणाम के बाद उठे थे सवाल
Ranchi Breaking News: 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद कई अभ्यर्थियों ने परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितता और पारदर्शिता की कमी के आरोप लगाए थे। छात्र संगठनों ने ओएमआर शीट और कट-ऑफ सार्वजनिक करने के साथ-साथ पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। विपक्षी दलों ने भी इस मुद्दे को लेकर सरकार और आयोग पर सवाल उठाए हैं।
फिलहाल सीआईडी का कहना है कि जब्त किए गए दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जेपीएससी अध्यक्ष के इस्तीफे और सीआईडी की छापेमारी ने इस मामले को और अधिक चर्चा में ला दिया है।



