Jamshedpur Blast News: झारखंड के जमशेदपुर स्थित आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार को एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। गुलेरिया इंजीनियरिंग कंपनी में अचानक हुए सिलेंडर ब्लास्ट से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में पांच मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
Jamshedpur Blast: काम के दौरान हुआ जोरदार धमाका
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर कंपनी में मजदूर रोजमर्रा के काम में व्यस्त थे। इसी दौरान अचानक एक सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि फैक्ट्री परिसर में भगदड़ मच गई और चारों ओर चीख-पुकार सुनाई देने लगी। हादसे के बाद कंपनी प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस और तकनीकी टीम कर रही जांच
Jamshedpur Blast: घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में ब्लास्ट की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस के साथ तकनीकी विशेषज्ञों की टीम भी यह पता लगाने में जुटी है कि सिलेंडर विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ और कहीं सुरक्षा मानकों में कोई लापरवाही तो नहीं हुई। फिलहाल सभी घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है और प्रशासन मामले की विस्तृत जांच कर रहा है।



