Dhanbad News: झारखंड के धनबाद में मंगलवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अवैध कोयला खनन और परिवहन के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया। ईडी की टीम ने कथित कोयला कारोबारियों और उनके सहयोगियों से जुड़े 25 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई कोयला कारोबारी एलबी सिंह, अनिल गोयल, गणेश यादव, पप्पू मंडल, अनूप चौहान, हरेंद्र चौहान और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रोहित यादव समेत अन्य लोगों से जुड़े परिसरों पर की जा रही है। ईडी की करीब 25 अलग-अलग टीमें एक साथ विभिन्न स्थानों पर दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी हैं।
Dhanbad में अवैध खनन और संपत्ति की जांच
ईडी की जांच अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े मामलों पर केंद्रित है। एजेंसी को आशंका है कि इस नेटवर्क के जरिए बड़ी मात्रा में अवैध संपत्ति अर्जित की गई है। इसी आधार पर ईडी ने पहले दर्ज चार अलग-अलग ECIR (Enforcement Case Information Report) के तहत जांच को आगे बढ़ाते हुए यह कार्रवाई की है।
पहले भी हुई थी बड़ी कार्रवाई
गौरतलब है कि 21 नवंबर 2025 को भी ईडी ने एलबी सिंह और उनके सहयोगियों के Dhanbad और दुमका स्थित करीब 20 ठिकानों पर छापेमारी की थी। उस दौरान जांच एजेंसी को ₹2.20 करोड़ नकद और 150 से अधिक जमीन के दस्तावेज बरामद हुए थे। साथ ही अवैध कोयला कारोबार से जुड़े कई अहम साक्ष्य भी मिले थे। फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है और तलाशी पूरी होने के बाद मामले में आगे की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।



