Jharkhand News: झारखंड में माओवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन ‘नवजीवन-II’ के तहत कोल्हान, सारंडा और लातेहार क्षेत्र में सक्रिय भाकपा (माओवादी) के 16 शीर्ष कमांडरों और सदस्यों ने मंगलवार को झारखंड पुलिस के सामने हथियारों के साथ आत्मसमर्पण कर दिया।
महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक के निर्देशन में झारखंड पुलिस, सीआरपीएफ कोबरा और झारखंड जगुआर की संयुक्त कार्रवाई तथा राज्य सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर इन माओवादियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला लिया।
60 लाख के इनामी नक्सली भी शामिल
आत्मसमर्पण करने वालों में 15 लाख रुपये का इनामी रीजनल कमांडर संतोष उर्फ गांधी सबसे बड़ा नाम है। इसके अलावा 10-10 लाख रुपये के दो इनामी और 5-5 लाख रुपये के दो इनामी कमांडर भी शामिल हैं। कुल मिलाकर इस समूह पर 60 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
Jharkhand News: 11 हथियार और 1,562 गोलियां बरामद
आत्मसमर्पण के दौरान पुलिस ने माओवादियों से 11 हथियार और 1,562 जिंदा गोलियां बरामद की हैं। इनमें रीजनल कमांडर, जोनल कमांडर, सब-जोनल कमांडर, एरिया कमांडर और दस्ता सदस्य शामिल हैं।
2026 में लगातार कमजोर हो रहा माओवादी नेटवर्क
झारखंड पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 93 नक्सली गिरफ्तार किए गए। 45 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। पुलिस मुठभेड़ में 22 नक्सली मारे गए। इससे पहले 21 मई को 27 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था। वहीं 13 जुलाई को 20 लाख के इनामी रविंद्र गंझू की गिरफ्तारी और 17 जुलाई को 25 लाख के इनामी अजय महतो उर्फ टाइगर की गिरफ्तारी भी सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता रही।
कोल्हान-सारंडा में माओवाद के अंत की ओर इशारा
पुलिस का कहना है कि आत्मसमर्पण करने वाले अधिकांश नक्सली पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा), लातेहार, लोहरदगा, खूंटी, रांची, बोकारो, सरायकेला-खरसावां, हजारीबाग और गिरिडीह के रहने वाले हैं। इनकी वापसी से कोल्हान और सारंडा क्षेत्र में माओवादी गतिविधियां लगभग समाप्ति के अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।
Jharkhand News: आत्मसमर्पण करने वाले प्रमुख नक्सली
सीता मुंडा (कैडर)
संतोष उर्फ गांधी (RCM) – ₹15 लाख इनामी
संतोष मांझी (ZCM)
चंदन लोहरा (ZCM) – ₹10 लाख इनामी
जयकांत मुंडा (ZCM)
राजनाथ हांसदा (SZCM)
अनिल तुरी (SZCM) – ₹5 लाख इनामी
सुखलाल बिरजिया (SZCM) – ₹5 लाख इनामी
सुदेश होनहागा (ACM) – ₹2 लाख इनामी
एतवारी मांझी (ACM)
देवान मुर्मू (ACM)
सुमित्रा सुरिन (ACM)
चंपा मांझियाइन (कैडर)
रिसिव (ACM)
सालेमी मुंडा (ACM)
मुन्नी सुरिन (कैडर)



