Ranchi Civil Court: राजधानी रांची में तीन साल पुराने एक मामले को लेकर 35 अधिवक्ताओं को धारा 107 के तहत नोटिस जारी किए जाने के बाद अधिवक्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिली। नोटिस के विरोध में सोमवार को बड़ी संख्या में वकील रांची सिविल कोर्ट परिसर में एकत्र हुए और प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
अधिवक्ताओं का आरोप है कि कोतवाली थाना की अनुशंसा पर एसडीओ द्वारा जारी यह नोटिस पूरी तरह अनुचित और दुर्भावनापूर्ण है। उनका कहना है कि वर्षों पुराने मामले में अचानक इस तरह की कार्रवाई कर अधिवक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है।
Ranchi Civil Court: SDO और थाना प्रभारी के खिलाफ नारेबाजी
प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने एसडीओ और कोतवाली थाना प्रभारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वकीलों ने मांग की कि सभी नोटिस तत्काल वापस लिए जाएं और इस मामले की निष्पक्ष समीक्षा की जाए।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
Ranchi Civil Court: अधिवक्ताओं ने स्पष्ट कहा कि यदि नोटिस वापस नहीं लिया गया तो उनका आंदोलन और तेज होगा। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अधिवक्ताओं के सम्मान और अधिकारों से जुड़े इस मुद्दे पर वे पीछे हटने वाले नहीं हैं। फिलहाल इस मामले को लेकर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



