पतरातू (भुरकुंडा): सौंदा डी क्षेत्र में कॉपर तार चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर चोरी से संबंधित जला हुआ कॉपर तार (केबल) भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, 15 जुलाई 2026 की मध्य रात्रि सौंदा डी क्षेत्र से कॉपर तार काटकर चोरी कर ली गई थी। घटना के बाद दर्ज कांड के अनुसंधान के दौरान पुलिस ने तकनीकी एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दो अप्राथमिकी अभियुक्तों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में राजेश कुमार उर्फ बमभोली (35 वर्ष), पिता शेखबहादुर सिंह, निवासी उरीमारी थाना कॉलोनी, थाना बड़कागांव (उरीमारी), जिला हजारीबाग तथा लालन भुईयां उर्फ बोना (26 वर्ष), पिता स्वर्गीय गोपाल भुईयां, निवासी टुंगरी टोला, सौंदा बगीचा, थाना पतरातू (भुरकुंडा), जिला रामगढ़ शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों अभियुक्तों की निशानदेही पर चोरी किया गया जला हुआ कॉपर केबल बरामद किया गया, जिसे विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया गया है। बरामदगी के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। दोनों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामले में अनुसंधान एवं विधिसम्मत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
रिपोर्ट: रघुनंदन प्रसाद, पतरातू (रामगढ़)



