Jharkhand News: झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राज्यव्यापी आंदोलन की घोषणा की है। पार्टी ने कहा है कि छात्रों और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए 1 अगस्त को झारखंड के सभी जिलों में भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के नेतृत्व में विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, 31 जुलाई की शाम सभी मंडलों में मशाल जुलूस भी निकाला जाएगा।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने आंदोलन की जानकारी देते हुए कहा कि भाजपा युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चुप नहीं बैठेगी और न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।
भाजपा ने सरकार के सामने रखीं ये प्रमुख मांगें
प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा ने झारखंड सरकार से कई अहम मांगें कीं। इनमें विवादित भर्ती परीक्षाओं को तत्काल रद्द किया जाए, वर्ष 2019 के बाद हुई सभी भर्ती परीक्षाओं की CBI से निष्पक्ष जांच कराई जाए, परीक्षा घोटालों की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कर दोषियों को कड़ी सजा दी जाए, कांग्रेस झारखंड सरकार से अपना समर्थन वापस ले, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और शिक्षा मंत्री नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें शामिल हैं।
Jharkhand News: ‘सरकार के पाप का घड़ा भर चुका है’
अमर कुमार बाउरी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हेमंत सोरेन सरकार ने वर्षों तक भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों को गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच एजेंसियां असली मास्टरमाइंड तक पहुंचने के बजाय केवल औपचारिक कार्रवाई कर रही हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच केवल CBI ही कर सकती है।
JPSC और JSSC परीक्षाओं पर उठाए सवाल
भाजपा ने JPSC, JSSC CGL, उत्पाद सिपाही, जूनियर इंजीनियर समेत कई भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं का आरोप दोहराते हुए कहा कि इन विवादों से लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। पार्टी का दावा है कि 14वीं JPSC मामले में कार्रवाई भी भाजपा के लगातार आंदोलन के बाद ही शुरू हुई।
केंद्र सरकार के नए कानून का किया जिक्र
अमर बाउरी ने कहा कि केंद्र सरकार ने सार्वजनिक परीक्षाओं में पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून लागू किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार जताते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए केंद्र लगातार ठोस कदम उठा रहा है।
Jharkhand News: प्रेसवार्ता में ये नेता रहे मौजूद
प्रेसवार्ता में भाजपा के मीडिया सह-प्रभारी अजय राय, प्रदेश प्रवक्ता दीनदयाल बर्णवाल, अनिवेश सिंह, रमाकांत महतो और रविनाथ किशोर सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।



