Ranchi News: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद राजधानी रांची में CJP समर्थकों ने खुशी जाहिर की। अल्बर्ट एक्का चौक पर बड़ी संख्या में जुटे समर्थकों ने पटाखे फोड़े, एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और नारेबाजी की। इस दौरान संगठन ने घोषणा की कि फिलहाल उनका आंदोलन स्थगित किया जा रहा है।
‘छात्रों के संघर्ष की जीत’ बताया
CJP से जुड़े छात्रों और समर्थकों का कहना है कि वे लंबे समय से NEET पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे। उनका कहना था कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग लगातार उठाई जा रही थी।
समर्थकों ने इसे छात्रों के लंबे संघर्ष की जीत बताते हुए कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन के बाद उनकी प्रमुख मांग पूरी हुई है।
Ranchi News: अल्बर्ट एक्का चौक पर जश्न का माहौल
रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया। कई लोगों ने आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। इस दौरान छात्र संगठनों के बैनर भी दिखाई दिए और “छात्र एकता जिंदाबाद” तथा “संघर्ष की जीत हुई” जैसे नारे लगाए गए।
जरूरत पड़ी तो फिर होगा आंदोलन
CJP समर्थकों ने कहा कि उनकी प्रमुख मांग पूरी हो गई है, लेकिन यदि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए आगे जरूरी कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में दोबारा आंदोलन शुरू किया जा सकता है।
फिलहाल संगठन ने रांची में चल रहे आंदोलन को स्थगित करने का फैसला लिया है। आगे की रणनीति राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश के अनुसार तय की जाएगी।



